गुरुकुल चिकित्सालय में निःशुल्क टीकाकरण अभियान शुरू, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगा लाभ
हरिद्वार।उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अरुण कुमार त्रिपाठी की प्रेरणा से तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरिद्वार डॉ. आर. के. सिंह के निर्देशन में गुरुकुल चिकित्सालय, हरिद्वार में गुरुवार से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान नियमित रूप से प्रत्येक गुरुवार को चलाया जाएगा।
विश्वविद्यालय परिसर निदेशक एवं विभागाध्यक्ष—कौमारभृत्य विभाग डॉ. जी. पी. गर्ग तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपशिखा के प्रयासों से शुरू हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को रोगमुक्त और स्वस्थ भविष्य की ओर अग्रसर करना है।
इस अवसर पर डॉ. जी. पी. गर्ग ने कहा, गुरुकुल चिकित्सालय सदैव समाज के स्वास्थ्य उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध रहा है। निःशुल्क टीकाकरण अभियान न केवल शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि यह समाज को रोगमुक्त और स्वस्थ भविष्य की ओर अग्रसर करेगा।
वहीं, डॉ. दीपशिखा ने टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बच्चों को संक्रामक रोगों से सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही गर्भवती महिलाओं को अनेक जटिलताओं से बचाने में भी मदद करेगा। उन्होंने कहा कि, यह अभियान वास्तव में सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव का आधारस्तंभ है।
गुरुकुल चिकित्सालय प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
