राष्ट्र प्रथम की भावना से देश निर्माण का आह्वान : डॉ. अतुल कृष्ण
देहरादून, 5 जून 2026।शिवालिक इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद एवं अनुसंधान, झाझरा, देहरादून में आज राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सुभारती समूह के संस्थापक एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. अतुल कृष्ण ने मेडिकल छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान, देहरादून के निदेशक डॉ. रविन्द्र कुमार सैनी, सहयोगी श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, श्री जगदीश गुप्ता, तथा सुभारती हॉस्पिटल के ओ.एस.टी. श्री बलवंत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान, देहरादून के निदेशक डॉ. रविन्द्र कुमार सैनी, सहयोगी श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, श्री जगदीश गुप्ता, तथा सुभारती हॉस्पिटल के ओ.एस.डी. श्री बलवन्त सिंह बोहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने प्रेरक संबोधन में डॉ. अतुल कृष्ण ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे “राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम” के सिद्धांत को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक, संस्कारित एवं राष्ट्रभक्त युवाओं में निहित होती है। चिकित्सा के क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थी केवल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता भी हैं।
डॉ. अतुल कृष्ण ने भारत के महान क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग, तपस्या और बलिदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “जय हिन्द” और “वन्दे मातरम्” केवल शब्द नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और आत्मगौरव की सशक्त अभिव्यक्तियाँ हैं। उन्होंने इतिहास के अनेक प्रेरणादायक प्रसंग सुनाकर विद्यार्थियों में देशभक्ति, सेवा और समर्पण की भावना जागृत की।
इस अवसर पर श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ओजस्वी राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया तथा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के उद्देश्यों एवं उसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के निदेशक श्री सतेन्द्र कुमार गोयल ने राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के भीतर नैतिक मूल्यों, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सार्थक पहल है। उन्होंने डॉ. अतुल कृष्ण द्वारा संचालित इस अभियान को राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी और दूरदर्शी प्रयास बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रहित, सामाजिक सेवा एवं नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन का वातावरण राष्ट्रभक्ति, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।
शिवालिक इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद एवं अनुसंधान, झाझरा, देहरादून में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, राष्ट्रीय चेतना के संवर्धन तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
