चरस तस्करी के नेटवर्क का अंतिम आरोपी भी चढ़ा चमोली पुलिस के हत्थे
Spread the love
चरस तस्करी के नेटवर्क का अंतिम आरोपी भी चढ़ा चमोली पुलिस के हत्थे
देहरादून से दबोचा गया फरार अभियुक्त, 1.115 किग्रा कमर्शियल चरस तस्करी प्रकरण में पूरी चेन का किया पर्दाफाश
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के कुशल नेतृत्व एवं नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चमोली पुलिस लगातार नशा तस्करों पर प्रभावी प्रहार कर रही है। इसी क्रम में कमर्शियल चरस बरामदगी प्रकरण में पुलिस ने फरार चल रहे अंतिम अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर पूरे तस्करी नेटवर्क का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है।
गौरतलब है कि दिनांक 08 दिसंबर 2025 को कोतवाली चमोली पुलिस द्वारा बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हनुमान मंदिर, तेलाधाम के पास नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक Hero X-Pulse Pro मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करते हुए अनियंत्रित होकर गिर गया। संदेह होने पर की गई तलाशी में उसके बैग से 1.115 किलोग्राम कमर्शियल मात्रा की अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग ₹2.23 लाख आंकी गई।
इस मामले में अभियुक्त हिमांशु पुरोहित को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। जिसकी विवेचना निरीक्षक नरेन्द्र रावत द्वारा की जा रही है।
मामले की विवेचना एवं गहन पूछताछ के दौरान चरस तस्करी की इस श्रृंखला में दो अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता प्रकाश में आई। जिस पर पुलिस ने लगातार दबिश एवं साक्ष्य संकलन करते हुए 24 फरवरी 2026 को अभियुक्त अमनदीप सिंह निवासी हेलंग को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था।
इसी क्रम में फरार चल रहे अंतिम अभियुक्त गोविन्द कुमार पुत्र गुड्डू राम, निवासी पाणा, थाना चमोली की तलाश लगातार जारी थी। पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई के फलस्वरूप दिनांक 26 जून 2026 को अभियुक्त को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस गिरफ्तारी के साथ ही चमोली पुलिस ने कमर्शियल मात्रा की चरस तस्करी से जुड़े इस पूरे नेटवर्क का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया है।
चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के सौदागरों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस टीम
1- उपनिरीक्षक सत्येन्द्र बुटोला ( एसओजी प्रभारी)

2- उपनिरीक्षक मनोज भट्ट

By admin