सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर CISF जवानों के बीच पहुंची चमोली यातायात पुलिस
Spread the love
सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर CISF जवानों के बीच पहुंची चमोली यातायात पुलिस
सड़क सुरक्षा, गुड समैरिटन योजना एवं पीएम राहत योजना सहित यातायात नियमों की दी विस्तृत जानकारी
जनपद चमोली में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन एवं विभिन्न संस्थानों के कार्मिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में आज पीपलकोटी स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की इकाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक जितेन्द्र जोशी ने CISF के अधिकारियों एवं जवानों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जवानों को गुड समैरिटन (Good Samaritan) योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की निस्वार्थ भाव से सहायता करने वाले नागरिकों को कानून द्वारा पूर्ण संरक्षण प्रदान किया गया है। ऐसे मददगार व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कानूनी कार्रवाई या पूछताछ का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने दुर्घटना के “गोल्डन ऑवर” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय पर दी गई सहायता किसी घायल व्यक्ति का जीवन बचा सकती है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना एवं सड़क दुर्घटना पीड़ितों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता एवं मुआवजा संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। जवानों को दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों, आपातकालीन सेवाओं का उपयोग तथा त्वरित सूचना देने की प्रक्रिया के संबंध में भी अवगत कराया गया।
यातायात निरीक्षक ने उपस्थित जवानों से अपने कर्तव्यों के साथ-साथ समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जवानों ने यातायात नियमों का स्वयं पालन करने एवं अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

By admin

You missed