स्प्रिंग हिल्स स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
Spread the love

 

बच्चे ही समृद्ध उत्तराखण्ड और विकसित भारत के भविष्य के आधार स्तंभ हैं – गणेश जोशी

देहरादून, 17 अक्टूबर 2026। प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित स्प्रिंग हिल्स स्कूल के वार्षिकोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिक्षा, खेलकूद एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आनंद लिया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बच्चे ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। आज के प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही आने वाले समय में समृद्ध उत्तराखण्ड और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले वार्षिकोत्सव जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मकता का विकास करते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें तथा कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ उन्हें प्राप्त करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपनी संस्कृति, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर प्रगति करने के लिए प्रेरित किया।

By admin