कूड़े के ढेरों पर खिले विकास के पार्क, 36 करोड़ की योजनाओं की सौगात
Spread the love

ऋषिकेश में सीएम धामी ने नौ नगर निकायों को समर्पित किए देवभूमि रजत जयंती पार्क, स्वच्छता के लिए आठ वाहन रवाना

ऋषिकेश।कभी कूड़े के ढेर और झाड़ियों से बदहाल नजर आने वाली शहरी जमीन अब हरियाली और खूबसूरती की नई पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर ऋषिकेश के चन्द्रेश्वर नगर में आयोजित कार्यक्रम में नौ नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्क जनता को समर्पित किए। साथ ही देहरादून जिले में 36 करोड़ रुपये से अधिक की सात विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। शहरों की सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ की स्मृतियां केवल आयोजनों और समारोहों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विकास कार्यों के रूप में धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। इसी सोच के तहत देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के नौ नगर निकायों में पार्क विकसित किए गए हैं। इन पार्कों में बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने, महिलाओं के बैठने और युवाओं के योग एवं व्यायाम की सुविधाएं होंगी। स्थानीय वनस्पतियों और उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।

108 निकाय ओडीएफ, 90 प्रतिशत कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण

धामी ने शहरी स्वच्छता के मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिला है। शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है। रुद्रपुर और मसूरी में कचरे से बायोगैस बनाई जा रही है, जबकि चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था से 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक वापस एकत्र किया गया है।

उन्होंने बताया कि 107 नगर निकायों के लिए 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 27 सीवेज एवं फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। सफाई कार्यों का मशीनीकरण भी किया जा रहा है।

92 हजार घरों तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत योजना के पहले चरण की 151 परियोजनाओं में से 148 पूरी हो चुकी हैं। इनके जरिए 72 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन मिले हैं। अमृत 2.0 में करीब 650 करोड़ रुपये से 40 हजार अतिरिक्त घरों तक पेयजल पहुंचाने और जलस्रोतों के पुनर्जीवन का काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं और 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ-2027 को देखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगमों को बधाई देते हुए उन्होंने स्वच्छता को जनजीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

By admin