658 किलोमीटर की हिमालयन MTB चैलेंज में 10 जनपदों से गुजरेंगे देश-विदेश के साइकिलिस्ट
मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन, 26 नवंबर को मसूरी में होगा समापन
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर स्थित सुकमा रिजॉर्ट में आयोजित गाला डिनर कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन MTB चैलेंज जैसी प्रतियोगिताएं प्रदेश के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती हैं। यह प्रतियोगिता उत्तराखण्ड के 10 जनपदों से होकर कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और स्थानीय परंपराओं से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देने तथा स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के साइकिलिस्टों और आगंतुकों को प्रदेश की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियों, जैव विविधता, कला-संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इससे उत्तराखण्ड की वैश्विक पहचान मजबूत होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन उत्तराखण्ड को साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रदेश की प्राकृतिक संपदा और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का यह बेहतर अवसर है।
कार्यक्रम में संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति, खुरपाताल तथा नई दिशाएं, नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोकनृत्यों, लोकगीतों और लोकधुनों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
इस दौरान प्रसिद्ध लोकप्रेम गाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित लोकनृत्य की विशेष प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से राजुला-मालूशाही के प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत किया। वहीं, ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा, गिरधर मनराल सहित प्रतियोगिता के प्रतिभागी, अतिथिगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
