काशीपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 12 जुआरी गिरफ्तार; तीन लाख से अधिक की नकदी बरामद
Spread the love

चर्चिल जिंदल के मकान में चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

काशीपुर। शहर में अवैध जुए के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली काशीपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गड्ढा कॉलोनी स्थित एक मकान में छापा मारकर जुआ खेल रहे आरोपितों को दबोचा। पुलिस ने मौके से 3,01,620 रुपये की नकदी और ताश की दो गड्डियां बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी काशीपुर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, चर्चिल जिंदल के गड्ढा कॉलोनी स्थित मकान में जुए का अड्डा संचालित होने की सूचना पर टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में 3,01,620 रुपये नकद और ताश के दो गड्डे बरामद हुए। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपितों में कारोबारी और स्थानीय निवासी शामिल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में चर्चिल जिंदल निवासी प्रकाश रेजिडेंसी, अंशुल ग्रोवर निवासी डॉक्टर लाइन, अंकित अग्रवाल निवासी वैशाली कॉलोनी, विजय गर्ग और जय गर्ग निवासी मेन मार्केट, गुलफाम निवासी महासुपुरा मुरादाबाद, सुभाष अली निवासी गड्ढा कॉलोनी, नितिन कुमार निवासी घास मंडी, वासु गौड़ निवासी मानपुर रोड, गौरव सोनी निवासी मोहल्ला सिंघान, नमन अग्रवाल निवासी स्टेडियम के पीछे और आशुतोष तिवारी निवासी चामुंडा विहार शामिल हैं।

पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

काशीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

By admin