देहरादून। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने देश के पहले लेखक गाँव, थानो का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने भगवान नरसिंह नागराजा मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात् उन्होंने लेखक गाँव के संस्थापक उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से भेंट की और लेखक गाँव की विभिन्न अवस्थापनाओं का अवलोकन किया।
नालंदा पुस्तकालय में उन्होंने लेखक गाँव परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने लेखक गाँव की परिकल्पना की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अद्भुत और अत्यंत नवाचारी विचार है। आज देश ही नहीं, पूरी दुनिया को ऐसे प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में लोग अपनी संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से दूर होते जा रहे हैं। लेखक गाँव अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसका लाभ केवल उत्तराखण्ड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे देश और विश्व को मिलेगा। उन्होंने लेखक गांव में हिमालयी राज्यों के मुख्यमंत्रियों का एक सम्मेलन आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि इस दिशा में शीघ्र पहल होनी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. निशंक ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू का स्वागत करते हुए कहा कि लेखक गाँव भारतीय साहित्य, संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का एक साझा मंच है। इसका उद्देश्य देश-दुनिया के सृजनशील लोगों को एक साथ जोड़ना और भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू का आगमन और उनके विचार इस पहल को नई ऊर्जा एवं व्यापक दृष्टि प्रदान करेंगे।
लेखक गाँव की निदेशक विदुषी निशंक ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड, दोनों ही हिमालयी राज्यों की अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराएँ हैं। ऐसे संवाद और आपसी सहयोग से इन विरासतों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर साझा प्रयासों को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के राज्यमंत्री श्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सैनी, सुभाष बर्थवाल, शादाब शम्स, पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा, पद्मश्री डॉ. माधुरी बर्थवाल, पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. सविता मोहन, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राकेश सुन्दरियाल, डॉ. सुरेंद्र दत्त सकलानी, डॉ राजेश नैथानी, डॉ सुशील उपाध्याय, बालकृष्ण चमोली सहित लेखक गांव परिवार के अन्य लोग उपस्थित रहे।
