विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ चरित्र निर्माण का संदेश, सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने सहसपुर में विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए किया प्रेरित
विकासनगर (देहरादून)।श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के अंतर्गत प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
डॉ. अतुल कृष्ण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति चरित्रवान, संस्कारवान और कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों में निहित होती है। शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों का बोध भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के निदेशक डॉ. रविन्द्र कुमार सैनी, विधायक प्रतिनिधि एवं शिक्षाविद् डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर, स्वदेशी जागरण के विभाग संयोजक रघुनाथ सिंह तथा डॉ. अवनी कमल उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक बिजल्वाण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास में सहायक हैं।
कार्यक्रम का संचालन इतिहास प्रवक्ता जयन्त कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।
