धामी का अधिकारियों को दो टूक संदेश, एक माह में जमीन पर दिखे विकास कार्य; 8279 करोड़ के तीन कॉरिडोर बदलेंगे उत्तराखंड की तस्वीर
हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर की समीक्षा में समयसीमा तय, 78 हजार तक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद
देहरादून। उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और अगले एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं का काम धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। केवल कागजी प्रगति से काम नहीं चलेगा, सभी विभाग तय समयसीमा के भीतर परिणाम दें।
बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। तीनों कॉरिडोर के अंतर्गत कुल 8279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 1109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं।
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र में 70 प्रतिशत और हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का विकास भी तेजी से किया जा रहा है। ऋषिकेश में 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कराया जा रहा है। शारदा कॉरिडोर में शारदा घाट के पुनर्विकास और जल निकासी योजना के कार्य गतिमान हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजनाओं में स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक विरासत का विशेष ध्यान रखा जाए। विकास ऐसा हो, जिससे क्षेत्र की पहचान सुरक्षित रहने के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिले।
इन तीनों कॉरिडोर से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार में 72 हेक्टेयर क्षेत्र में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
