बड़कोट – पुष्कर सिंह धामी ने तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान की कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से देश में सनातन धर्म का स्वर्णिम युग आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का अनुश्रवण मनुष्य की बुद्धि और विवेक को जागृत करता है तथा पितरों को भी बैकुंठ धाम की प्राप्ति होती है। उन्होंने उत्तराखण्ड को देवभूमि बताते हुए कहा कि जैसे वृंदावन में वृंदा धाम है, वैसे ही यहां चारधाम विराजमान हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने केदारनाथ पुनर्निर्माण के बाद बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि विकास एक दिन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली यात्रा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगाण गांव में ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में खजान दास, रमेश पोखरियाल निशंक, दुर्गेश्वरलाल, सुरेश चौहान, प्रशांत आर्य, कमलेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
