लेखक गाँव की रचनात्मक पहल से प्रभावित हुए भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या
Spread the love

लेखक गाँव की रचनात्मक पहल से प्रभावित हुए भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या

देश के पहले लेखक गाँव में शनिवार को लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का आगमन हुआ। इस अवसर पर लेखक गाँव की निदेशक विदुषी ‘निशंक’ ने उनका स्वागत करते हुए लेखक गाँव की परिकल्पना, इसके उद्देश्यों तथा साहित्य, संस्कृति और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी सूर्या देश के युवा नेतृत्व की एक सशक्त आवाज हैं। स्पष्ट विचार, प्रखर वक्तृत्व और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें युवाओं के बीच एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को जिस ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ वे राष्ट्रीय पटल पर रखते हैं, वह देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए उन्हें आधुनिक भारत की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करना लेखक गाँव की यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इस अवसर पर तेजस्वी सूर्या ने लेखक गाँव की परिकल्पना एवं यहां किए जा रहे साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रयासों की जानकारी प्राप्त की तथा इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ-साथ देश के बौद्धिक एवं रचनात्मक वातावरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल, जिलाध्यक्ष कोटद्वार शांता बर्मादा, प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा अजय उनियाल, बालकृष्ण चमोली, अरविंद नेगी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

By admin