मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ‘हिमालयन भोजनालय’ का किया उद्घाटन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार
Spread the love

रीप परियोजना के तहत नगुण बैरियर के पास शुरू हुई वे-साइड ईटरी, स्थानीय भोजन के साथ पर्यटकों और यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के समीप रीप परियोजना के अंतर्गत स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा इसका संचालन ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से किया जा रहा है। इस पहल से जहां यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक भोजन उपलब्ध होगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

उद्घाटन के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके व्यवसाय, ग्राहकों की संख्या और आमदनी के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन पुलिस बैरियर के पास रुकते हैं। इससे भोजनालय में यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। समीप में पार्क होने के कारण शाम के समय टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे समूह को अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है।

महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें उद्यम स्थापित करने में सहायता मिली। परियोजना के माध्यम से बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य विशेष अवसरों के लिए भी भोजन के ऑर्डर मिल रहे हैं, जिन्हें वे मांग के अनुरूप पूरा कर रही हैं। महिलाओं ने कहा कि इस पहल ने उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।

परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रदेशभर में इस प्रकार की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। सभी केंद्रों को एकरूप पहचान देने के उद्देश्य से इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है। जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे रोजगारपरक मॉडलों को प्रोत्साहित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका बढ़ाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी श्री राहुल आनंद, डीडीओ श्री वेद प्रकाश, डीपीएम रीप श्री कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

By admin

You missed