Spread the love
    • राज्य में एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति, अफवाहों से बढ़ी बुकिंग: प्रमुख सचिव

    • अफवाहों से बढ़ी गैस सिलेंडर की बुकिंग, सरकार ने कहा– स्टॉक पर्याप्त

    वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के उपरान्त उत्पन्न परिस्थितियों के दृष्टिगत एलपीजी एवं ईंधन की आपूर्ति की समीक्षा के सम्बन्ध में आज भराड़ीसैंण विधानसभा भवन से एल फैनई प्रमुख सचिव, खाद्य, उत्तराखण्ड द्वारा सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों तथा तीनों ऑयल कम्पनियों (IOCL/BPCL/HPCL) के राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेन्स के माध्यम से समीक्षा बैठक की गई ।
    बैठक में IOCL, BPCL व HPCL के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राज्य में घरेलू गैस की स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। ऑयल कम्पनियों के अधिकारी सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों (DSO) के सम्पर्क में हैं । उनके द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान स्थिति व सोशल मीडिया में प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण लोगों के द्वारा पैनिक होकर बुकिंग की जा रही है । केवल IOCL कम्पनी में विगत तीन-चार दिनों में लगभग एक लाख सिलिंडरों की बुकिंग की गई है । वास्तव में कम्पनियों के पास पर्याप्त घरेलू गैस का स्टॉक उपलब्ध है ।
    बैठक में सभी जिलाधिकारियों द्वारा बताया गया कि उनके जनपद में पर्याप्त स्टॉक हैं । सभी जनपदों में प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है । राज्य में विगत चार दिनों में जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने हेतु 460 निरीक्षण किए गए तथा 78 स्थानों में छापेमारी की कार्रवाई की गई है । आवश्यक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत 04 एफआईआर तथा एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है । साथ ही 74 गैस सिलिंडर, 01 कांटा, 02 रिफिलिंग किट जब्त किए गए हैं. प्रवर्तन की कार्रवाई निरन्तर जारी है ।
    प्रमुख सचिव, खाद्य द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को गैस की स्थिति की निरन्तर समीक्षा करने तथा जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

By admin