Spread the love

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को ग्वालियर एवं शिवपुरी जिले में आगमन हुआ। ग्वालियर जिले के घाटीगांव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में लाड़ली बहना योजना के तहत आयोजित हुए समारोह के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशभर की महिलाओं के खाते में राशि अंतरित की। इसके बाद शिवपुरी पहुँचकर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजकीय विमान से दोपहर भोपाल से चलकर ग्वालियर पधारे। उनके साथ प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, प्रदेश भाजपा मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर भी उनके साथ आए। विमानतल से केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट व ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ हैलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में पहुँचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके पश्चात शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल हुए। इसके पश्चात हैलीकॉप्टर द्वारा ग्वालियर विमानतल पर पहुँचे। विमानतल पर जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस मौके पर संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविंद सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों से भेंट करने के उपरांत राजकीय विमान से भोपाल के लिये रवाना हुए।

By admin