Spread the love
चमोली -अग्नि सुरक्षा को लेकर चमोली फायर सर्विस का सघन अभियान, मॉक ड्रिल व प्रशिक्षण से किया जागरूक
जनपद चमोली में अग्नि सुरक्षा के प्रति आमजन को सजग एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से फायर सर्विस द्वारा सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में फायर यूनिट गौचर द्वारा प्रभारी फायर यूनिट गौचर LFM बलदेव सिंह के नेतृत्व में शिवालिक स्कूल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर में प्रभावी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों, स्टाफ एवं स्थानीय नागरिकों को आग लगने की विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी तथा अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही विभिन्न प्रकार की आग एवं उससे बचाव के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
वहीं, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी हरी सिंह गुसाईं के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम द्वारा ज्योतिर्मठ क्षेत्रांतर्गत स्थित BSNL एक्सचेंज कार्यालय एवं तहसील ज्योतिर्मठ में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फायर सेफ्टी उपकरणों के संचालन, प्रारंभिक अग्निशमन तकनीकों तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
चमोली फायर सर्विस द्वारा निरंतर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर जनमानस को न केवल जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उन्हें आपदा से निपटने के लिए व्यवहारिक रूप से सक्षम भी बनाया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

By admin

You missed