प्रचलित श्री बद्रीनाथ यात्रा के पीक सीजन व आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा के दृष्टिगत सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के दिये निर्देश
Spread the love
प्रचलित श्री बद्रीनाथ यात्रा के पीक सीजन व आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा के दृष्टिगत सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के दिये निर्देश
97% अंकों के साथ जिला टॉपर बनी पुलिस परिवार की बेटी गायत्री बिष्ट को एसपी चमोली ने किया सम्मानित
“ड्यूटी भी, गोष्ठी भी और ईंधन बचत भी… एसपी चमोली की सराहनीय पहल”
चमोली – पुलिस अधीक्षक जनपद चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, स्थानीय अभिसूचना इकाई, फायर सर्विस, दूरसंचार एवं अन्य शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में सर्वप्रथम कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनी व उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया।
एसपी चमोली द्वारा आज आयोजित अपराध गोष्ठी में संसाधनों के समुचित उपयोग एवं ईंधन बचत को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। सामान्यतः अलग से आयोजित की जाने वाली मासिक अपराध गोष्ठी के लिए पृथक तिथि निर्धारित करने के बजाय आज का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि भगवान रुद्रनाथ जी की डोली प्रस्थान यात्रा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न थानों से अधिकारी एवं कर्मचारी पहले से ही गोपेश्वर मुख्यालय में ड्यूटी हेतु मौजूद थे।
ऐसे में अतिरिक्त वाहन संचालन एवं अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने के उद्देश्य से इसी दिन अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। वहीं थानाध्यक्ष बद्रीनाथ को भी मुख्यालय बुलाने के बजाय वर्चुअल माध्यम से गोष्ठी में जोड़ा गया, जिससे अनावश्यक आवागमन से बचते हुए ईंधन संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया जा सके।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि छोटी-छोटी जिम्मेदार पहल भी बड़े बदलाव का माध्यम बन सकती हैं और प्रत्येक पुलिसकर्मी को संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग एवं ईंधन बचत को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
1- पिछले लगभग 03 सप्ताह से निरंतर संचालित हो रही चारधाम यात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध संचालन हेतु एसपी चमोली ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी मेहनत एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए बधाई दी गई। इस दौरान अब तक संचालित यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी चरणों की रणनीति पर चर्चा की गई।
2- आगामी दिनों में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि होने की प्रबल संभावना को देखते हुए संभावित भीड़ एवं बढ़ते दबाव के मद्देनजर सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्कता, मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
3- चारधाम यात्रा मार्ग पर आमजन एवं श्रद्धालुओं के मध्य सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अभद्रता एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध किसी भी दशा में सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
4- श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। आगामी 23 मई को पवित्र धाम के कपाट श्रद्धालुओं हेतु खोल दिए जाएंगे।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल की संख्या, तैनाती एवं ड्यूटी व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग पर संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
5- सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व गोविन्दघाट एवं घांघरिया क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों, होटल कर्मचारियों, फड़-फेरी लगाने वालों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
6- यात्रा मार्ग पर संचार व्यवस्था को प्रभावी एवं निर्बाध बनाए रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। रेडियो निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि सभी वायरलैस सेटों की कनेक्टिविटी एवं संचालन व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
7- इसके अतिरिक्त जनपद में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने, निरोधात्मक कार्यवाहियों में तेजी लाने तथा रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, अवैध नम्बर प्लेट, हूटर एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
8- “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत फरार, वांछित, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों की गिरफ्तारी, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान तथा संदिग्ध गतिविधियों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की थाना-वार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
9- फायर सीजन के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना की सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हुए रिस्पांस टाइम में कमी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
10- जनपद में प्रस्तावित आगामी वीवीआईपी कार्यक्रमों, श्री हेमकुंड साहिब/लोकपाल लक्ष्मण मन्दिर के कपाटोद्घाटन तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की साहसिक प्रतियोगिता “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026” को सकुशल, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्व से ही समुचित तैयारियां पूर्ण करने, सुरक्षा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने तथा प्रत्येक व्यवस्थागत बिंदु पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
11- अपराध गोष्ठी के दौरान जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पंजीकृत अपराधों, लंबित विवेचनाओं, प्राप्त शिकायतों एवं अभियुक्तों के विरुद्ध की गई वैधानिक कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए
12- इस वर्ष सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार 97% अंक प्राप्त कर जनपद में टॉप करने वाली पुलिस परिवार की होनहार बेटी कु. गायत्री बिष्ट को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी मेहनत, अनुशासन एवं उत्कृष्ट उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
13- माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार द्वारा ईंधन बचत एवं संसाधनों के समुचित उपयोग को लेकर की गई सार्वजनिक अपील के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा जनपद के समस्त अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया गया कि वाहनों का प्रयोग केवल अत्यावश्यक कार्यों हेतु ही किया जाए तथा अनावश्यक वाहन संचालन से बचा जाए साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए अधिकतम संसाधन दक्षता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि ईंधन बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रीय हित से भी जुड़ा विषय है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
14- विगत माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को पुलिस मैन ऑफ द मंथ निरीक्षक विनोद थपलियाल को चुना गया। इसके साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरूस्कृत किया गया।
इसके अतिरिक्त उपरोक्त गोष्ठी में ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा सहित समस्त थाना प्रभारी एवं अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहें।

By admin