जनगणना-2026 की तैयारियों की समीक्षा, नगर निकायों में शिविर लगाने और कूड़ा वाहनों से प्रचार करने को कहा
चमोली। जनगणना-2026 के तहत जनपद में संचालित स्वगणना अभियान की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट (आईएएस) ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रथम चरण में सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूरी कराई जाए। इसके लिए उन्होंने 26 नवंबर तक की समयसीमा निर्धारित की।
विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में स्वगणना अभियान की विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसलिए अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही इसकी नियमित निगरानी भी की जाए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की स्वगणना निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से पूरी कराएं। इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाए, ताकि अभियान में अपेक्षित तेजी लाई जा सके।
नगर निकायों में शिविर लगाकर करेंगे जागरूक
सीडीओ ने नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए और उन्हें स्वयं अपनी गणना पूरी करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही नगर निकायों के कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि स्वगणना का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी स्वगणना के महत्व की जानकारी देने तथा स्वयं इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। कहा कि जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को गति मिल सकती है।
कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में भी चलेगा अभियान
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में निवास करने वाले गणमान्य व्यक्तियों को भी स्वगणना अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके अलावा कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थानों के माध्यम से भी स्वगणना का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रचार-प्रसार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिन क्षेत्रों में स्वगणना की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष प्रयास किए जाएं। जनप्रतिनिधियों, स्थानीय संस्थाओं और विभिन्न विभागों का सहयोग लेकर अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
सीडीओ ने कहा कि स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करना होगा। उन्होंने अभियान की नियमित निगरानी और प्रगति में सुधार लाने पर भी जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
