2488 किमी की जन विश्वास यात्रा से जनता के बीच पहुंचेगी भाजपा, बांसुरी स्वराज ने बताई रणनीति
Spread the love

बोलीं- यह केवल किलोमीटर का सफर नहीं, 2488 संभावनाओं का संकल्प; गढ़वाल और कुमाऊं में 26 जनसभाओं के जरिए होगा सीधा संवाद

हरिद्वार,। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा सामने रख दी है। पार्टी की प्रस्तावित जन विश्वास यात्रा के जरिए प्रदेश के दोनों मंडलों में जनता के बीच पहुंचने की तैयारी है। 2488 किलोमीटर की इस यात्रा में 26 जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। भाजपा की प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने यात्रा को जनता से संवाद और उनकी अपेक्षाओं को समझने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल 2488 किलोमीटर का सफर नहीं, बल्कि 2488 संभावनाओं का संकल्प है।

हरिद्वार में प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति के तहत आयोजित संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ बैठक में बांसुरी स्वराज ने पार्टी की चुनावी तैयारियों और संगठन की भूमिका पर विस्तार से बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आध्यात्मिक चेतना के साथ शौर्य और वीरता की धरती भी है। यहां भाजपा के सात मोर्चे और 22 प्रकोष्ठ समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच संगठन की पहुंच बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप सक्रिय होना होगा।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं, महिला मोर्चा महिलाओं और किसान मोर्चा किसानों के बीच संवाद बढ़ाए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक मोर्चों को भी अपने-अपने वर्गों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझते हुए संगठनात्मक गतिविधियां तेज करनी चाहिए।

25 दिसंबर से शुरू होगी गढ़वाल यात्रा

बांसुरी स्वराज ने जन विश्वास यात्रा का कार्यक्रम साझा करते हुए बताया कि गढ़वाल क्षेत्र की यात्रा 25 दिसंबर को गंगोत्री धाम से शुरू होगी और नौ जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। वहीं कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा 27 दिसंबर को चम्पावत विधानसभा क्षेत्र स्थित गोलू देवता मंदिर से प्रारंभ होकर सात जनवरी 2027 को हल्द्वानी में समाप्त होगी। दोनों यात्राओं के दौरान कुल 2488 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी और 26 जनसभाएं होंगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जनता से सीधा संपर्क स्थापित करना और उनकी अपेक्षाओं को जानना है।

लोकसंस्कृति के जरिए दिया एकजुटता का संदेश

बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने उत्तराखंड के लोकगीत ‘बेडू पाको बारह मास, काफल पाको चैता’ का उल्लेख करते हुए प्रदेश की लोकसंस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टीम भावना के साथ काम करने और मंडल से लेकर शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया। मेनन ने ‘केयरिंग, शेयरिंग और ग्रोइंग’ के सिद्धांत पर आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही आयुष्मान योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी योजना और सीमांत सड़क योजना सहित सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को कहा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी एकजुटता का संदेश देते हुए नारा दिया, ‘एक ही रटन, कमल बटन।’ वहीं बांसुरी स्वराज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 2027 में भाजपा की फिर सरकार बनने का विश्वास जताया।

By admin