2027 की हैट्रिक के लिए भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, हर मोर्चे को एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
Spread the love

बूथ से प्रदेश स्तर तक संगठन को धार देने की तैयारी, दिसंबर तक पूरी होंगी मंडल कार्यसमितियों की बैठकें; सामाजिक सम्मेलनों और चौपालों के जरिये चुनावी जमीन मजबूत करेगी पार्टी

हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और नए मतदाताओं व समर्थकों तक पहुंच बनाने का व्यापक खाका तैयार किया है। इसके तहत भाजपा के सभी सात मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य सौंपा गया है। महिला, युवा, किसान, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग समेत विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी अपना जनाधार बढ़ाएगी।

हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में शुक्रवार को आयोजित संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि चुनावी जीत के लिए केवल सरकार की उपलब्धियां गिनाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा। बैठक का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मिशन में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के कामकाज से संतुष्ट होकर बैठने का समय नहीं है। प्रत्येक मोर्चे को एक लाख से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरना होगा। सदस्यता अभियान केवल प्रदेश मुख्यालय या जिला स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसकी पहुंच मंडल और प्रत्येक बूथ तक सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने मोर्चों के पदाधिकारियों को चुनावी लड़ाई में संगठन का अग्रिम मोर्चा बताते हुए हर बूथ पर जीत का संकल्प लेकर काम करने को कहा।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भट्ट ने बताया कि संयुक्त बैठक में पार्टी के सातों मोर्चों और 22 प्रकोष्ठों ने भाग लिया। दिसंबर के अंत तक मंडल स्तर की सभी कार्यसमितियों की बैठकें पूरी करने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक मोर्चे को अपने सामाजिक और संगठनात्मक दायरे में सदस्यता अभियान चलाने के साथ दूसरे दलों के प्रभावशाली कार्यकर्ताओं को भी भाजपा से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।

चौपालों और सम्मेलनों से साधेंगे सामाजिक समीकरण

भाजपा अब सदस्यता अभियान के साथ सामाजिक संपर्क अभियान को भी गति देगी। दिसंबर और जनवरी में नुक्कड़ सभाएं, महिला चौपाल और विभिन्न सामाजिक वर्गों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी मोर्चे अपने-अपने समाज के बीच कार्यक्रम करेंगे। वहीं किसान मोर्चा गढ़वाल और कुमाऊं में दो बड़े किसान सम्मेलन आयोजित करेगा। प्रत्येक मोर्चे की जिला और मंडल कार्यसमितियों के कार्यक्रमों की रूपरेखा और तिथियां भी तय की गई हैं।

जन आशीर्वाद यात्रा से सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएगी भाजपा

चुनावी रणनीति के तहत भाजपा जल्द ही जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की तैयारी में है। इस यात्रा के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय नेताओं की भागीदारी प्रस्तावित है। शनिवार को होने वाली प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक में बूथ से लेकर जिला स्तर तक के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

19 जिलों में संगठन मजबूत करने पहुंचे प्रवासी कार्यकर्ता

प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने बताया कि उत्तराखंड के 19 जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए दूसरे राज्यों से वरिष्ठ प्रवासी कार्यकर्ता जिला विस्तारक के रूप में पहुंचे हैं। जल्द ही इन्हें जिलों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के विकास कार्यों के आधार पर भाजपा एक बार फिर प्रदेश में जीत दर्ज करेगी।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल समेत विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहे।

By admin