मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विधायक ने उठाई प्रभावितों के पुनर्वास की मांग, बोले- राहत में देरी बर्दाश्त नहीं, दुर्गम गांवों तक दमकल और आपदा संसाधन पहुंचाने की हो स्थायी व्यवस्था
देहरादून। उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को लेकर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने सरकार के समक्ष मजबूती से आवाज उठाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, पर्याप्त आर्थिक सहायता और पुनर्वास की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। विधायक ने स्पष्ट किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता के लिए इंतजार नहीं करना पड़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने बताया कि पवाणी गांव में आग लगने से करीब 25 से 30 परिवार प्रभावित हुए हैं। गांव में कुल 50 से 60 परिवार रहते हैं। अग्निकांड ने कई परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने चिंता जताई कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण गांव तक दमकल वाहन और आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन नहीं पहुंच पाए। स्थानीय स्तर पर भी जरूरी उपकरणों की कमी के चलते आग पर काबू पाने में मुश्किलें सामने आईं। इससे अन्य आवासीय भवनों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहा।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए और उनके लिए भोजन, पेयजल, कंबल, कपड़े तथा अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रशासन की टीम से नुकसान का निष्पक्ष और त्वरित स्थलीय सर्वेक्षण कराकर प्रत्येक प्रभावित परिवार को पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। जिन परिवारों के आवास पूरी तरह नष्ट हुए हैं, उनके पुनर्वास और आवास की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।
विधायक ने इस घटना के माध्यम से पहाड़ के दुर्गम गांवों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सीमांत और दूरस्थ गांवों में आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए दमकल वाहन, अग्निशमन उपकरण और प्रशिक्षित संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। ऐसी घटनाओं में संसाधनों की कमी के कारण ग्रामीणों को अपने हाल पर नहीं छोड़ा जा सकता। सरकार को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए स्थायी व्यवस्था भी विकसित करनी चाहिए।
