प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और ठहरने की व्यवस्था; अधिकारियों को मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश
उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गुरुवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी भी ली। इस दौरान आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रुहेला और विभागीय सचिव विनोद कुमार सुमन मौजूद रहे।
मदन कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिए थे। जिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और अन्य विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रभावित परिवारों को जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
राहत कार्यों को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र में अस्थायी हेलीपैड तैयार किया है। गांव में सामुदायिक रसोई के माध्यम से प्रभावित परिवारों को भोजन दिया जा रहा है। पेयजल और बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, गांव के प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को राहत सामग्री रखने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को कंबल, जैकेट, टेंट, बर्तन, गैस चूल्हे, हाइजीन किट, गद्दे, बेडशीट, तकिये, टॉर्च और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा तहसील प्रशासन ने चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, नमक, आलू, साबुन, मसाले और तिरपाल सहित खाद्य एवं राहत सामग्री की व्यवस्था की है।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल और आवास की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने सभी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने को कहा।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राज्य स्तर पर भी जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार की प्राथमिकता अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
