मंगलौर को छह विकास कार्यों की सौगात, गन्ना मूल्य बढ़ाने पर जल्द होगा फैसला: धामी
Spread the love

जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं, ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर परीक्षण कराने का दिया भरोसा

मंगलौर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसानों के हित में राज्य सरकार हर साल गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर भी परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री गुरुवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए छह घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण तथा लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर लंबे समय से बंद पड़े पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी बनाने, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध बनाने और ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मंगलौर क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। सरकार स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक हजार से अधिक लोगों को आवास दिए गए हैं, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं। क्षेत्र के 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को मंजूरी दी गई है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निशुल्क की गई है और फार्म मशीनरी बैंक योजना में कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने और कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, किसानों की आय बढ़ाने तथा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और स्मृतियों को सम्मान देने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने और बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने की पहल की गई है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

By admin