मुख्यमंत्री की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर देहरादून में लोगों के बीच सक्रिय, जनसमस्याओं के निराकरण में भी निभा रहे अहम भूमिका
देहरादून। सरकार की उपलब्धियां केवल सरकारी विज्ञप्तियों तक सीमित न रहें, बल्कि आम आदमी तक सीधे पहुंचें, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी राजेश सेठी इन दिनों देहरादून में व्यक्तिगत जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। वह लोगों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लिए जा रहे फैसलों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
राजेश सेठी का तरीका महज औपचारिक मुलाकातों तक सीमित नहीं है। वह व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर लोगों से संवाद करते हैं, उनकी बातें सुनते हैं और उन्हें बताते हैं कि धाकड़ धामी सरकार ने प्रदेश के विकास, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हित में कौन-कौन से महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, लखपति दीदी योजना और रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे फैसले उनके जनसंवाद के प्रमुख विषयों में शामिल हैं।
राजेश सेठी की कार्यशैली की विशेषता उनका मधुर व्यवहार और सहज उपलब्धता है। मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोगों की बात वह गंभीरता से सुनते हैं। संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समस्याओं के निराकरण की दिशा में प्रयास करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में मिले संगठनात्मक संस्कार उनके व्यवहार और कार्यशैली में दिखाई देते हैं। लोगों से आत्मीयता के साथ जुड़ना और संवाद बनाए रखना उनकी पहचान बन रहा है।
मुख्यमंत्री धामी के निर्णयों को जनता तक पहुंचाने और जनता की अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री कार्यालय तक ले जाने के बीच राजेश सेठी एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी की भूमिका निभा रहे हैं। उनका प्रयास है कि सरकार और जनता के बीच संवाद केवल औपचारिक न रहे, बल्कि सीधा और प्रभावी बने।
