बोले- आमजन को समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, जवाबदेही होगी सुनिश्चित
देहरादून, 25 नवंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं से संबंधित प्रकरणों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित कराया जाए।
धामी ने कहा कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े। समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।
धन्य धन्य धामी जी’ गीत का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का भी विमोचन किया। गीत को निर्मल अनुरागी और अंजलि अनुरागी ने स्वर दिए हैं, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।
