बूथ विजय अभियान से चुनावी हैट्रिक की तैयारी में जुटेगी भाजपा, 10 दिसंबर से होगा आगाज
Spread the love

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अल्मोड़ा से अभियान का शुभारंभ करने का प्रस्तावित कार्यक्रम, 25 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ पार्टी दिसंबर में बूथ विजय अभियान चलाने जा रही है। 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से भाजपा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ ही सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड घर-घर तक पहुंचाएगी। अभियान का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हाथों होने का प्रस्तावित कार्यक्रम है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी ने चुनावी जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने की रणनीति तैयार की है। इसी क्रम में बूथ विजय अभियान को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में लिया गया है। अभियान की शुरुआत 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से प्रस्तावित है। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का 9 और 10 दिसंबर को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास प्रस्तावित है।

परिहार के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान 9 दिसंबर की शाम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद 10 दिसंबर को अल्मोड़ा में बूथ विजय अभियान का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र के एक बूथ की बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने का मंत्र देंगे। साथ ही क्षेत्र में बड़े स्तर पर शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा।

बूथ अध्यक्ष के घर लगेगी नाम की पट्टी और पार्टी का झंडा

बूथ विजय अभियान के तहत भाजपा बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती को प्राथमिकता देगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के घर पर उनके नाम की पट्टी और पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। इसके माध्यम से बूथ अध्यक्ष की संगठनात्मक भूमिका को पहचान देने के साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

लाभार्थियों और पुराने कार्यकर्ताओं से भी होगा संपर्क

अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें सरकार की उपलब्धियों और पार्टी के संदेश से अवगत कराएंगे। बूथ क्षेत्र में रहने वाले मतदाताओं से भी संवाद किया जाएगा और उन्हें पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास होगा। इसके अलावा ऐसे पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी संपर्क साधा जाएगा, जो किसी कारणवश या व्यस्तता के चलते लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी नहीं कर पा रहे हैं।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना नहीं, बल्कि सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना भी है। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार का रिपोर्ट कार्ड साझा करेंगे और लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।

भाजपा इस अभियान के माध्यम से बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क को चुनावी रणनीति का आधार बनाने की तैयारी में है। पार्टी का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन के सहारे ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

By admin