कांग्रेस में महिला सशक्तीकरण नहीं, गांधी परिवार का राजनीतिक सशक्तीकरण प्राथमिकता: दीप्ति रावत
Spread the love

महिला आरक्षण पर भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस को घेरा, कहा- सामान्य परिवारों की महिलाओं को नेतृत्व का अवसर क्यों नहीं?

देहरादून। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए महिला सशक्तीकरण से अधिक गांधी परिवार का राजनीतिक सशक्तीकरण प्राथमिकता है। महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को अपने संगठन में सामान्य परिवारों से आने वाली महिलाओं को नेतृत्व का अवसर देने के सवाल पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में महिला नेतृत्व कुछ चुनिंदा चेहरों तक सीमित दिखाई देता है। पार्टी में वर्षों से काम कर रही महिला कार्यकर्ताओं और जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाली महिलाओं को नेतृत्व में पर्याप्त अवसर क्यों नहीं मिलते? राहुल गांधी के 2024 में वायनाड लोकसभा सीट छोड़ने और वहां से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के अवसर गांधी परिवार तक ही सीमित क्यों नजर आते हैं।

दीप्ति रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की ऐतिहासिक पहल की है। यह महिलाओं को देश की नीतिगत और विधायी निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कांग्रेस से महिला आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पहाड़ की महिलाएं खेती, पशुपालन और परिवार की जिम्मेदारियों के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं। ऐसे में उन्हें राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी मिलना जरूरी है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी संस्थाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे कदम उठाए हैं। उन्होंने 28 अप्रैल 2026 को विधानसभा के विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के शीघ्र क्रियान्वयन के समर्थन में रखे गए प्रस्ताव का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नेतृत्व और निर्णय लेने का वास्तविक अवसर चाहिए। कांग्रेस को महिला सशक्तीकरण पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय अपने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

By admin