दीनदयाल गौ विज्ञान केंद्र के प्रकल्पों का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले मुख्यमंत्री- गौ सेवा को आधुनिक विज्ञान और अनुसंधान से जोड़ना समय की जरूरत
मथुरा। गौ संरक्षण को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित रखने के बजाय इसे वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक चिकित्सा, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने की जरूरत है। गोवंश का संरक्षण किसानों की समृद्धि, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आत्मनिर्भरता का भी मजबूत आधार बन सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराओं और आधुनिक विज्ञान का समन्वय गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
मुख्यमंत्री मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गौ सेवा, पशु आयुर्वेद और अनुसंधान को बढ़ावा देने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर की आधारशिला रखी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को नए आयाम देने का काम कर रही है। गोवंश संरक्षण के साथ शिक्षा, चिकित्सा, प्रशिक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान को जोड़ना भविष्य की आवश्यकता है। इन संस्थानों से तैयार होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ पशु चिकित्सा और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नए प्रयोगों को प्रोत्साहित करेंगे।
उत्तराखंड-ब्रज के आध्यात्मिक रिश्ते को किया याद
धामी ने मां यमुना के माध्यम से उत्तराखंड और ब्रजभूमि के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री से निकलने वाली मां यमुना ब्रजभूमि को जीवन प्रदान करती हैं। हरिपुर-कालसी की धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए वहां भव्य घाट का निर्माण और मां यमुना की प्रतिमा स्थापित की गई है। सरकार इसे प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का बखान करने से नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्य करने से संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि, स्वामी अवधेशानन्द गिरि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
