सीएम ने कहा- कपिल की उपलब्धि ने उत्तराखंड के साथ देश का भी बढ़ाया गौरव, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
Spread the love

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं उत्तराखंड के प्रतिभावान खिलाड़ी कपिल पोखरिया ने नगला तराई, खटीमा स्थित मुख्यमंत्री के निजी आवास पर भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 की पुरुष 90 किलोग्राम बॉक्सिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतने पर कपिल पोखरिया को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपिल की यह उपलब्धि उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि है। कपिल ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश के साथ पूरे देश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा आज खेलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की है।

मुख्यमंत्री ने कपिल पोखरिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे। उन्होंने कपिल को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री से मुलाकात और प्रोत्साहन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिले प्रोत्साहन से उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

कपिल की एशियन गेम्स में पदक जीतने की उपलब्धि से उत्तराखंड के खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता प्रदेश के उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देख रहे हैं।

By admin