जसपाल राणा ने भारतीय निशानेबाजी को दिलाई नई पहचान : धामी
Spread the love

मुख्यमंत्री ने ‘Maverick Jaspal’ पुस्तक का किया विमोचन, युवा खिलाड़ियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रसिद्ध निशानेबाज स्व. जसपाल राणा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाई। उनकी खेल उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन यह संदेश देता है कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में स्व. जसपाल राणा के परिवारजनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान उनकी पत्नी रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा मौजूद रहे। परिवारजनों ने मुख्यमंत्री को जसपाल राणा के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ भेंट की। मुख्यमंत्री ने पुस्तक का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के साथ ही उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। उनकी खेल यात्रा युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति भी आवश्यक है।

धामी ने विश्वास जताया कि यह पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के अनुभवों, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे नई पीढ़ी को खेलों के प्रति समर्पित रहने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस पुस्तक के माध्यम से जसपाल राणा की जीवन यात्रा और योगदान को सामने लाने के प्रयास के लिए उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।

By admin