सनातन धर्म इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान का आयोजन, देशभक्ति के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
देहरादून। बन्नू रेसकोर्स स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में शनिवार को राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के तहत राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय कर्तव्यों का बोध कराते हुए ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ का संदेश दिया।
अपने संबोधन में डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि की भावना प्रत्येक नागरिक के जीवन का मूल मंत्र होनी चाहिए। उन्होंने वंदे मातरम् और जय हिंद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों और बलिदानियों के त्याग को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
अभियान के सहयोगी डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम का भाव जगाया। उन्होंने प्रेरक प्रसंग के माध्यम से अनुशासन, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का महत्व समझाया। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ‘जय हिंद, जय भारत’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इससे विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के देहरादून जिला निदेशक डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी, रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी की स्वामी अवनी कमल और सुभारती हॉस्पिटल के ओएसडी बलवंत बोहरा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश चंद्र शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया गया।
